भास्कर संवाददाता| सागर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का गुरुवार को अंतिम दिन है। पूर्व में दो बार अंतिम तारीख बढ़ाई जा चुकी है, ऐसे में अब तारीख बढ़ना भी मुश्किल है। जिले में 18 लाख 14 हजार 792 मतदाताओं में से 16 लाख 53 हजार 160 मतदाताओं का मिलान पूरा कर लिया गया है। फिलहाल जिले में 1 लाख 61 हजार 460 मतदाताओं के फॉर्म अब तक वापस नहीं आए हैं। जिससे उनके नामों का मिलान नहीं हो सका है। 81158 मतदाता ऐसे हैं जो स्थाई रूप से अन्य जगह शिफ्ट हो चुके हैं। 36469 की मौत हो चुकी है। 10148 डुप्लीकेट मतदाता भी शामिल हैं। इस हिसाब से देखा जाए तो 1 लाख 27 हजार 775 मतदाताओं के नाम हटना तय है। ये मृतक, स्थायी शिफ्ट और डुप्लीकेट यानी दो जगह दर्ज मतदाताओं की श्रेणी मंे शामिल हैं। 33685 ने अब तक अपने फॉर्म वापस नहीं किए हैैं। ऐसे में इन्हें अपने फॉर्म जमा करने का अंतिम मौका गुरुवार को ही है। इनमें भी 27676 अब भी ऐसे हैं, जिनके माता-पिता या दादा-दादी का नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं मिला है। ऐसे में अंतिम दिन भी कम ही फॉर्म वापस लौटने की संभावना है। मतदाता सूची ड्राफ्ट का प्रकाशन 23 दिसंबर को होगा। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना पूर्व सूचना के सूची से नहीं हटाया जाएगा। नाम काटने से पहले संबंधित व्यक्ति को नोटिस भेजा जाएगा और जवाब देने पर्याप्त समय दिया जाएगा। नोटिस मिलने के 7 दिन के भीतर ही संबंधित को जवाब देने उपस्थित होना होगा। आयोग द्वारा निर्धारित किए गए दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज दिखाना होगा।


