टोंक जिले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में SP राजेश कुमार मीना ने 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इनमें पीपलू थाना और घाड़ थाना क्षेत्र के जवान शामिल हैं। एसपी राजेश कुमार मीना ने पीपलू थाना क्षेत्र के तीन और घाड़ थाना क्षेत्र के एक पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किया है। कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही के आधार पर की गई है। बताया गया कि बजरी खनन और अवैध परिवहन रोकने में नाकाम रहे पुलिसकर्मियों पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों के नाम एसपी मीना ने बताया कि हैड कॉन्स्टेबल टीकमचंद गुर्जर, कॉन्स्टेबल भागचंद, रामराज और शिवराज गुर्जर को लाइन हाजिर किया गया है। इनमें हैड कॉन्स्टेबल टीकमचंद गुर्जर, कॉन्स्टेबल भागचंद और रामराज पीपलू थाने के हैं, जबकि शिवराज गुर्जर घाड़ थाने में तैनात था। यह भी चर्चा है कि पुलिस मुख्यालय जयपुर से बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सकती है। इसे आने वाले दिनों में सख्ती बढ़ने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। गहलोद गांव की घटना से जुड़ रहा मामला ज्ञात रहे कि 17 दिसंबर को पीपलू थाना क्षेत्र के गहलोद गांव में 15 से 20 लोगों ने हथियारों से दो युवकों पर हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश जाट की मंगलवार रात जयपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शव आने से पहले ग्रामीणों का विरोध मुकेश जाट की मौत की सूचना के बाद बुधवार को ग्रामीणों ने शव आने से पहले ही हंगामा कर दिया था। लोगों ने सड़क किनारे धरना देकर प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालने के लिए एडीएम, एएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की। पुलिसकर्मी की मिलीभगत का आरोप प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी पर हमलावरों से मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसी दिन शाम को एसपी ने 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने की कार्रवाई की। इस कार्रवाई को ग्रामीणों की शिकायत से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि एसपी ने शिकायत को गंभीरता से लिया, पूरे मामले का फीडबैक लिया और उसके बाद यह निर्णय किया।


