SP से मिले दो युवक, बोले-अनजाने में अपराध किया:बदमाशों ने गैंग में शामिल किया, पूरी प्लानिंग पता चली तो एसपी ऑफिस पहुंचे

नागौर में सोमवार को दो युवक एसपी ऑफिस पहुंचे। 500 रुपए के स्टाम्प पर शपथ पत्र देकर बताया-बदमाशों ने हमें गैंग में शामिल कर लिया। हमने अनजाने में अपराध कर दिए। अब मुक्ति चाहते हैं। बदमाशों ने चोरी, लूट और एक भाजपा नेता पर हमला करने की प्लानिंग कर रखी थी। उनकी प्लानिंग पता चली तो हम नागौर एसपी ऑफिस पहुंचे हैं। हमें क्रिमिनल गैंग से बचाया जाए। एसपी ने दिए जांच के आदेश एसपी मृदुल कच्छावा को दिए परिवाद में रियांबड़ी निवासी देवाशीष बाईन और रियांबड़ी निवासी सद्दाम हुसैन ने जांच में सहयोग करने की बात कही। दोनों युवकों से पूरी जानकारी लेने के बाद एसपी मृदुल कच्छावा ने पादू कलां एसएचओ भारमल चौधरी को फोन कर मामले की जांच के निर्देश दिए। देवाशीष और सद्दाम ने बताया- 7 महीने पहले रियांबड़ी निवासी ऋषिराज गौतम, रामकिशोर गौतम से जरूरत पड़ने पर रुपए उधार लिए थे। एक दिन ऋषिराज से पता चला कि वह नशीली दवा बेचने के मामले में 14 महीने जेल में बिता चुका है। जेल में उसकी मुलाकात कुचेरा निवासी तारीफ खां से हुई। तारीफ पर चोरी, बाइक चोरी, लूटपाट और डकैती के कई मुकदमे दर्ज हैं। ऋषिराज की वजह से उनकी भी तारीफ खां से जान-पहचान हो गई। लालच देकर गैंग में शामिल किया देवाशीष और सद्दाम ने बताया- जब वे लोग मिलते थे तो रामकिशोर, ऋषिराज और तारीफ आपस में सोने-चांदी के गहनों का लेन-देन करते थे। चोरी के गहनों की खरीद-फरोख्त में पैसों का लालच देकर उन्होंने हमें भी शामिल कर लिया। रियांबड़ी में रैगरों के मोहल्ले में चोरी और गोविंदगढ़ में बाइक चोरी की वारदातों में हम साथ रहे। हालांकि वारदात के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी। देवाशीष और सद्दाम ने बताया कि रामकिशोर, ऋषिराज और तारीफ ने गोविंदगढ़ की बाइक चोरी करने के बाद बताया कि वे तीनों 300 से अधिक बाइक चुरा चुके हैं। 17 जुलाई को भी इन तीनों ने पांचडोलिया गांव में चोरी की। इसके बाद तीनों ने रोहिसा सरपंच और रियांबड़ी के अन्नाराम बावरी के घर चोरी का प्लान भी बनाया, जिसमें दोनों(देवाशीष और सद्दाम) शामिल नहीं हुए। किनारा किया तो धमकाने लगे देवाशीष और सद्दाम ने बताया- जब हमने अपराधियों से किराना करना चाहा तो वे धमकाने लगे। ऋषिराज ने कहा कि वे भले ही साथ छोड़ दें, लेकिन उसकी रंजिश को खत्म करने में साथ दें। ऋषिराज की भाजपा के कानाराम मारोठिया से रंजिश चल रही थी। ऋषिराज ने कहा कि कानाराम मारोठिया को एक्सीडेंट में मारने में सहयोग करें। इसके बाद देवाशीष और सद्दाम ने कानाराम मारोठिया को इस साजिश की सूचना दे दी। ऋषिराज, रामकिशोर और तारीफ खां की पोल खोलने के बाद वो तीनों बेहद नाराज हैं। तीनों बार-बार धमकियां दे रहे हैं, ब्लैकमेल कर रहे हैं और अपराधों में शामिल होने का दबाव बना रहे हैं। ऐसे में दोनों परिवारों को जान-माल का खतरा बना हुआ है। एसपी ने पादूकलां एसएचओ को जांच के आदेश दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *