बिलासपुर में पुलिस ने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले तस्कर को पकड़ा है। उसके पास से बड़ी मात्रा में कप सिरप बरामद किया है। आरोपी युवक उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर से कार में सिरप लेकर रायपुर जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सोमवार को मुखबीर से जानकारी मिली कि, एक व्यक्ति इलाहाबाद से रायपुर की ओर सकरी बायपास होते हुए कार से जा रहा है। उसकी कार में नशीली कप सिरप है। जानकारी मिलते ही एसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सीएसपी निमितेश सिंह, थाना प्रभारी रविंद्र अनंत की टीम ने सकरी के पास नेशनल हाईवे में घेराबंदी की। कार की तलाशी लेने पर मिला कप सिरप इस दौरान पुलिस की टीम ने शाम को रतनपुर की तरफ से आ रही कार क्रमांक एमएच 12 केएन 4428 को रोक लिया। पूछताछ करने पर ड्राइवर ने रायपुर के कबीर नगर निवासी मिथिलेश तिवारी (46) नाम बताया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें 120 नग वनरेक्स नामक कफ सिरप मिली। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सिरप रायपुर लेकर जाने की बात कही। चाय दुकान की आड़ में करता है नशीली दवाओं का कारोबार पूछताछ में आरोपी तस्कर मिथिलेश तिवारी ने बताया कि रायपुर में फल और चाय की दुकान लगाता है। बीच-बीच में सिरप तस्करी का काम करता है। इससे पहले भी वह नशीली सिरप की तस्करी कर चुका है। आरोपी के पास से मिले मोबाइल के कॉल रिकार्ड की मदद से गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। उसके कब्जे से 23 हजार 400 रुपए कीमती 120 नग कफ सिरप और कार पुलिस ने जब्त किया है।


