विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार मंगलवार सुबह रेल मार्ग से जोधपुर पहुंचेंगे। विहिप राजस्थान प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल ने बताया- जोधपुर प्रांत प्रवास के दौरान डॉ. आलोक कुमार वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ संगठन विस्तार, राम मंदिर निर्माण प्रगति व अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। दोपहर बाद वे सोजत में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी महाराज द्वारा चल रही श्रीराम कथा में शिरकत करेंगे। इसके बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे। साथ ही क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों व समाज बंधुओं से भी भेंट करेंगे। संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लें प्रांत अध्यक्ष डॉ. गोयल ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर पर उपस्थित होकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लें। डॉ. आलोक कुमार का यह जोधपुर प्रवास विहिप के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि डॉक्टर आलोक कुमार विहिप के वरिष्ठ संगठनकर्ता व वकील के रूप में विपुल अनुभव रखते हैं। लंबे समय से विहिप के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत डॉ. कुमार ने अयोध्या राम जन्मभूमि आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। वर्तमान में वे विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हिंदू संगठन विस्तार व सामाजिक कार्यों का संचालन कर रहे हैं।


