लुधियाना| अंडे की रेहड़ी से सामान खरीदते समय एक महिला की एक्टिवा चोरी हो गई। घटना संतोष धर्मशाला के पास हुई, जहां महिला अपनी एक्टिवा खड़ी कर अंडे खरीद रही थी। पीछे से आए एक युवक ने पलक झपकते ही एक्टिवा स्टार्ट की और फरार हो गया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हेबोवाल निवासी विवेक ने बताया कि रविवार को उनकी पत्नी बाजार गई थी। बच्चों ने फोन कर अंडे लाने को कहा था। जब वह रेहड़ी पर एक्टिवा खड़ी कर सामान लेने लगी, तभी व्यक्ति एक्टिवा लेकर भाग गया। एक्टिवा में आईफोन भी रखा हुआ था। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी काले और नीले रंग की जैकेट पहने हुए है और एक्टिवा स्टार्ट कर तेजी से निकल जाता है। पीड़ित ने हेबोवाल थाने में शिकायत दी है।


