लुधियाना| नोबल फाउंडेशन की तरफ से न्यू सुभाष नगर स्थित अपनी शाखा में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में न्यू सुभाष नगर, टिब्बा रोड और महात्मा एन्क्लेव शाखाओं के 457 से अधिक विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों की आंखों की जांच की गई। शिविर का शुभारंभ एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. ऋषिपाल ने किया। डीएमसी के नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. गुरविंदर कौर के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की जांच की। जांच के उपरांत जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। जिन मरीजों में गंभीर दृष्टि दोष पाए गए उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई। जिसका खर्च नोबल फाउंडेशन की तरफ से वहन किया जाएगा। फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने डीएमसी मैनेजमेंट और सचिव विपिन गुप्ता का आभार व्यक्त किया।


