छिंदवाड़ा देहात थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपए का चोरी गया माल, वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और चोरी की गई टाटा टियागो कार बरामद की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सूने घर को बनाया था निशाना यह मामला 3 दिसंबर का है। एसआर कॉलोनी, पोआमा निवासी एक फॉरेस्ट कर्मचारी के सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया था। फरियादी की पत्नी और बेटी उस समय घर पर मौजूद नहीं थीं। इसी दौरान आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और टाटा टियागो कार चोरी कर ली। दोपहर में जब परिवार लौटा तो घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सौंसर के पास दबोचे गए आरोपी 20 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि सौंसर के पास एक संदिग्ध क्रेटा कार घूम रही है। घेराबंदी कर पुलिस ने कार में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर नागपुर निवासी एक महिला और उसके बेटे से चोरी गए जेवरात भी बरामद किए गए। पुलिस जांच के दौरान आरोपियों ने पहले चोरी का नकली माल पुलिस को सौंप दिया और गुमराह करते रहे। जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तब जाकर आरोपियों ने असली सोने-चांदी के जेवरात पुलिस को सौंपे। पांच आरोपी गिरफ्तार कुल 11 लाख का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपए, एक टाटा टियागो कार करीब 1 लाख रुपए और सोने-चांदी के जेवरात लगभग 3 लाख रुपए के बरामद किए हैं। इस तरह कुल करीब 11 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में देहात थाना पुलिस, फिंगरप्रिंट यूनिट और साइबर सेल की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पूरी टीम को इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।


