सिटी रिपोर्टर | भिलाई स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा रायपुर के इमर्जिंग क्रिकेट मैदान में 14 व 15 दिसंबर को आयोजित अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भिलाई की टीम ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबला भिलाई और प्रशासनिक कार्यालय, रायपुर के बीच खेला गया, जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रायपुर टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 91 रन बनाए। इस लक्ष्य को भिलाई के खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8.4 ओवर में ही प्राप्त कर लिया। गेंदबाजी में भी भिलाई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम की। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक यादव रहे, जिन्होंने शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में 11 रन देखकर 3 विकेट लिए। वहीं कप्तान आशीष मिंज के नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन समन्वय दिखाया। विजेता टीम को पुरस्कृत करने आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एसबीआई क्षेत्र 1 के सहायक महाप्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने भिलाई टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं है, बल्कि टीम भावना, कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। भिलाई टीम के खिलाड़ी विनीत नायर ने कहा कि हम भविष्य में भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिबद्ध हैं। भिलाई पहुंचने पर क्षेत्रीय सहायक महाप्रबंधक रूपक मंडल व अफसरों ने टीम का स्वागत किया।


