डीग जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अऊ में लंबे समय से खाली पड़े प्रिंसिपल पद पर अरविंद कुमार कौशल की नियुक्ति हुई है। राज्य सरकार के निर्देश पर शिक्षा विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण सूची के तहत यह नियुक्ति की गई है। स्कूल में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यवाहक संस्था प्रधान साधना गोयल की उपस्थिति में स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने माला-दुपट्टा पहनाकर और मिठाई खिलाकर नए प्रधानाचार्य का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अपने नए प्रिंसिपल का अभिवादन किया। औपचारिक प्रक्रिया के बाद कौशल ने साधना गोयल के समक्ष पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में गांव के पूर्व उप सरपंच पंकज शर्मा, रिटायर्ड प्रिंसिपल सुरेंद्र सार्थक, स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य कौशल ने पदभार संभालते हुए कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्कूली शिक्षा प्रणाली में सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन उनकी प्राथमिकता होगी। इस नियुक्ति से ग्रामीणों में खुशी की लहर है और उम्मीद है कि अब बच्चों की पढ़ाई व्यवस्थित होगी।


