अखंड राजपुताना सेवा संघ की बैठक में बिजनेस समिट 2026 को लेकर लिए महत्वपूर्ण निर्णय

भास्कर न्यूज| जैसलमेर जैसलमेर स्थित होटल रमाडा में अखंड राजपुताना सेवा संघ की बैठक आयोजित हुई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर आर पी सिंह दुर्ग वंश की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य केंद्र आगामी राजपुताना बिजनेस समिट की रूपरेखा तैयार करना और संगठनात्मक विस्तार रहा। बैठक में समाज के आर्थिक सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में राजनीति, समाज, प्रशासन और उद्योग जगत के गणमान्य लोगों ने शिरकत की। बैठक में विधायक छोटूसिंह भाटी, पूर्व राज परिवार सदस्य ठाकुर विक्रमसिंह नाचना, प्रचार ग्रुप के चेयरमैन जितेन्द्र सिंह शेखावत, एमआरएस ग्रुप के चेयरमैन मेघराजसिंह रायल और पूर्व वरिष्ठ आईएएस राजेन्द्रसिंह शेखावत उपस्थित रहे। समाजसेवी कंवराजसिंह चौहान ने बताया कि बैठक में स्टार्टअप और नए उद्यमियों को वित्तीय सहयोग देने के लिए एक पृथक सोसायटी के गठन पर सहमति बनी। साथ ही इस वर्ष राजपूताना बिजनेस डायरेक्टरी प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया, जो समाज के उद्यमियों के बीच नेटवर्किंग और सहयोग के लिए एक विश्वसनीय सेतु का कार्य करेगी। बीकानेर में होगा राजपुताना बिजनेस समिट 2026 का आयोजन : बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राजपुताना बिजनेस समिट 2026 का आयोजन 21 अगस्त से 23 अगस्त तक बीकानेर के लक्ष्मी निवास पैलेस में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस समागम का उद्देश्य केवल व्यापारिक चर्चा तक सीमित न रहकर, समाज के आर्थिक ढांचे को सुदृढ़ करना, युवाओं में उद्यमिता का संचार करना और एक मजबूत सामूहिक व्यावसायिक पहचान स्थापित करना है। बैठक में हुई कई संगठनात्मक नियुक्तियां : बैठक में संगठनात्मक विस्तार के अंतर्गत नियुक्तियां की गई। जिनमें घेवरसिंह सोलंकी को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी मारवाड़ संभाग, श्यामसिंह भाटी को जैसलमेर जिलाध्यक्ष, आनंदसिंह को बीकानेर जिलाध्यक्ष, विक्रमसिंह को जालौर जिलाध्यक्ष, यशवर्धन राणावत सीओओ राजपुताना बिजनेस सम्मिट 2026, उपेंद्रसिंह राठौड़ को मीडिया प्रभारी मारवाड़ संभाग नियुक्त किया गया। इसके साथ ही विधायक छोटूसिंह भाटी और ठाकुर विक्रमसिंह भाटी को जैसलमेर का जिला संरक्षक तथा जोगिंदरसिंह चौहान को मारवाड़ संभाग का संरक्षक नियुक्त किया गया। समाजसेवी कंवराजसिंह चौहान ने बताया कि अखंड राजपुताना सेवा संघ वर्तमान में राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में सक्रिय है। अब संगठन का लक्ष्य असम, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल एवं नॉर्थ ईस्ट राज्यों तक विस्तार करना है। जैसलमेर में संपन्न यह बैठक समाज के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *