हनुमानगढ़| देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत चयनित वरिष्ठ नागरिकों की काठमांडू (नेपाल) हवाई यात्रा का शेड्यूल जारी किया गया है। हनुमानगढ़ से 154 एवं श्रीगंगानगर से 171 वरिष्ठ नागरिक 28 जनवरी, 2026 से 1 फरवरी 2026 तक हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ महादेव के दर्शन के लिए जाएंगे। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि प्रत्येक ट्रिप में 76 यात्री शामिल होंगे, जिनके साथ 2 अनुरक्षक रहेंगे। विभाग द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो चयनित यात्रियों को फोन कर आवश्यक दस्तावेज पूरे करने, पहचान प्रमाण पत्र की मान्यता तथा यात्रा स्थल व प्रक्रिया के बारे में जानकारी उपलब्ध करा रही है। यात्रियों को यात्रा तिथि से एक दिन पूर्व जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड के पीछे स्थित ‘महादेव विला’ होटल में अपने पासपोर्ट या मूल मतदाता पहचान पत्र के साथ उपस्थित होना होगा। डुप्लीकेट, फोटो स्टेट या क्षतिग्रस्त पहचान पत्र मान्य नहीं होंगे। यात्रियों को जयपुर से लग्जरी/वाल्वो बसों के माध्यम से दिल्ली ले जाया जाएगा, जहां से वे हवाई जहाज द्वारा काठमांडू रवाना किए जाएंगे। महादेव विला होटल में यात्रियों के रहने और खाने की पूरी व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की गई है। चयनित वरिष्ठ नागरिकों के साथ किसी भी सहायक को जाने की अनुमति नहीं होगी। यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए देवस्थान विभाग के कार्मिकों की ड्यूटी लगा दी गई है और पूरी टीम लगातार समन्वय में रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह यात्रा धार्मिक आस्था, सुविधा और सम्मान का अनूठा अवसर प्रदान करेगी।


