धौलपुर में बाड़ी रोड पर खानपुर मीणा गांव के पास एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार नाबालिग युवक की मौत हो गई। उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार मृतक अंकित पुत्र महेंद्र मीणा (17) बड़ी कस्बे से अपनी स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव खानपुर मीणा लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार सुबह परिजनों द्वारा मामला दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।


