अटके कामों को लेकर भड़के विधायक सुनील सोनी:ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और काम 10 दिन में शुरू करने के दिए निर्देश

रायपुर दक्षिण में विधायक निधि से स्वीकृत विकास कार्यों के दो साल बाद भी शुरू नहीं होने पर विधायक सुनील सोनी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जोन-5 कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और साफ कहा कि सभी लंबित काम अगले 10 दिनों में मौके पर शुरू होने चाहिए। इन कामों को मार्च 2026 तक पूरा कर लोकार्पण के लिए तैयार किया जाए। काम नहीं किया तो ठेकेदारों पर कार्रवाई
विधायक ने कहा कि जिन ठेकेदारों ने कार्यादेश मिलने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं किया है, उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रायपुर दक्षिण विधायक निधि का कोई भी काम लेप्स न हो और पूरी राशि का सही तरीके से जनहित में उपयोग किया जाए। आयुक्त को लिखा पत्र, जोन-5 को दिए आदेश
सुनील सोनी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर जोन-5 के जरिए विधायक निधि के सभी लंबित विकास कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को लगातार निगरानी करते हुए मार्च तक सभी काम पूरे कराने को कहा गया है। पेयजल व्यवस्था पर भी सख्ती
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पानी टंकियों में नियमित रूप से पूरा पानी भरा रहे और लोगों को पर्याप्त प्रेशर के साथ पेयजल मिले। इसके लिए पार्षदों के साथ वार्डों का निरीक्षण कर गर्मी में संभावित जल संकट से पहले जरूरी कदम उठाने को कहा गया। चंगोराभाठा में बाजार के लिए जगह तलाशने के निर्देश
चंगोराभाठा इलाके में बाजार के लिए खाली जमीन का वार्ड पार्षद के साथ निरीक्षण कर जगह चिन्हित करने और उसका प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी जोन-5 अधिकारियों को दिए गए। बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जोन-5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, एमआईसी सदस्य सुमन अशोक पाण्डेय, पार्षद ममता सोनू तिवारी, दुर्गा यादराम साहू, कृष्णा सोनकर ‘बब्बी’, जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, सहायक राजस्व अधिकारी प्रमोद जाधव, जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *