डीग में नगर परिषद ने सोमवार शाम अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह के नेतृत्व में लक्ष्मण मंदिर से नई सड़क तक यह कार्रवाई की गई। इस दौरान कई दुकानदारों के चालान काटे गए और मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। अतिक्रमण कर रखा गया सामान भी जब्त कर लिया गया। अभियान की शुरुआत लक्ष्मण मंदिर से हुई, जहां टीनशेड और फुटपाथ हटाए गए। मुख्य बाजार में अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद आयुक्त का रुख विशेष रूप से सख्त रहा। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान जारी किए गए और मौके पर ही उनसे पैसे वसूल किए गए। यह अभियान लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, घंटाघर, लोहा मंडी और नई सड़क तक चला। नगर परिषद आयुक्त ने लोगों से दुकानों के आगे अतिक्रमण न करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोग दोबारा अतिक्रमण करते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी अतिक्रमणकर्ता की होगी। शहर में अतिक्रमण के कारण अक्सर यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा था, जिसे जब्त कर लिया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि इस बार अतिक्रमण अभियान पूरे डीग शहर में चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह के साथ राजवीर सिंह, वरिष्ठ प्रारूपकार गौरव जांगिड़, छत्रपाल सिंह, दीपक जमादार, नीटू पाराशर, गोविंदा, भूरी सिंह और राजाराम गुर्जर सहित अन्य नगर परिषद कर्मचारी मौजूद रहे।


