भास्कर न्यूज | अमृतसर विजिलेंस ने बीडीपीओ कार्यालय में तैनात सुपरिंटेंडेंट को रिश्वत के आरोप में काबू किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान वेरका ब्लॉक, रानी का बाग में बीडीपीओ कार्यालय में तैनात सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई के बदले 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस ने जांच के बाद आरोपी को काबू किया है। शिकायतकर्ता ने बीडीपीओ वेरका को शिकायत देकर पड़ोसी की ओर से घर तक जाने वाले रास्ते पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। बीडीपीओ ने मामला सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह को सौंपा था। जांच में अवैध कब्जा पाया गया। मगर कानूनी प्रक्रिया के बजाय सतनाम सिंह ने 60 हजार रिश्वत मांगी और 20 हजार देने को कहा। शिकायतकर्ता ने 10 हजार गूगल पे के माध्यम से सतनाम के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद पुलिस की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया।


