भास्कर न्यूज| लुधियाना भारत विकास परिषद शहीद सुखदेव शाखा की ओर से वीर शहीद सुखदेव का जन्मदिवस शहीद ए आज़म सुखदेव थापर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भारत नगर चौक में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. जसविंदर कौर मांगट ने की। सबसे पहले परिषद परिवार और स्कूल स्टाफ ने सुखदेव जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता की जय और जब तक सूरज चांद रहेगा, अमर शहीद सुखदेव का नाम रहेगा के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम में श्री बृजभूषण बंसल ने अमर शहीद सुखदेव के जीवन के अनसुने प्रसंगों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे बचपन में सुखदेव ने अपने जेब खर्च से महारानी लक्ष्मीबाई का चित्र खरीदा था और बाजू पर खुदे ‘ॐ’ के चिन्ह को नाइट्रिक एसिड से मिटा दिया था, ताकि पहचान गुप्त रहे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें और भगत सिंह को तोड़ने की बहुत कोशिश की, लेकिन सुखदेव की जुबां से सिर्फ एक ही बात निकलती आज़ादी से कम कुछ भी मंज़ूर नहीं। जेल में साथी क्रांतिकारियों का हौसला बढ़ाने के लिए वे देशभक्ति के गीत गाते और सभी को संघर्ष के प्रति प्रेरित करते थे। कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद की ओर से स्कूल की प्रिंसिपल और स्टाफ को अमर शहीद सुखदेव का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर तरुण अग्रवाल, अनिल गुप्ता, सुमेश शर्मा, राज अग्रवाल, जनक राज गोयल, सुधीर चंद्र जैन, मोहित शर्मा, अमित गुप्ता, सौरभ आहूजा, सिद्धार्थ जिंदल, राकेश पराशर, अशोक गर्ग, विजय वर्मा, वरुण सूद और बलदेव कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।


