अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त कुशाल कोठारी ने बुधवार को सीएडी नहरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूंदी ब्रांच के प्रगतिरत कार्यों और नहरों में छोड़े गए पानी के प्रवाह का जायजा लिया। कोठारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेड की वितरिकाओं में जल प्रवाह पूरा होने के बाद आगामी सप्ताह में टेल (अंतिम छोर) क्षेत्रों में पानी छोड़ा जाए। उन्होंने माटूंदा, रामगंज, तालेडा और जाखमुंड क्षेत्रों का दौरा कर बूंदी ब्रांच की स्थिति का जायजा लिया। अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पानी मिले, यह उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान, अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त ने नहरों पर चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नरेगा के तहत चल रहे जलकुंभी सफाई अभियान का भी निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा। इस अवसर पर उपनिदेशक (क्षेत्रीय विकास आयुक्त) कृष्ण मुरारी, सीएडी के अधिशाषी अभियंता अरविंद मीना, सहायक अभियंता मनीष कुमार व नितेश जैन, कनिष्ठ अभियंता महावीर मीना, नाथूलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


