भास्कर न्यूज | बालोद जिले के डौंडी व डौंडीलोहारा जनपद पंचायत में मंगलवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। दोनों पद का चुनाव कराने के लिए कलेक्टर ने एसडीएम को पीठासीन अधिकारी व जनपद पंचायत के सीईओ को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए रिटर्निंग अफसर तहसीलदार को बनाया गया था। जिन्हें इस बार पंचायत स्तर पर होने वाली उप सरपंच चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। डौंडी व लोहारा के बाद 5 मार्च को बालोद व 6 मार्च को गुरूर जनपद पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए चुनाव होगा। गुंडरदेही के लिए अभी तिथि तय नहीं हुई है। डौंडीलोहारा जपं में कुल 25 सदस्य है। यहां भाजपा के ज्यादा अधिकृत व समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। ऐसे में भाजपा का पलड़ा भारी है। वहीं डौंडी जनपद मंे भाजपा व कांग्रेस बराबर की स्थिति में है। निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से किस पार्टी का अध्यक्ष बनेगा, यह शाम 4 बजे तक स्पष्ट हो जाएगा। जनपद पंचायत गुरूर में भाजपा समर्थित सदस्य का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। दरअसल यहां के 21 में से 18 सदस्य भाजपा के अधिकृत व समर्थित है। सिर्फ 2 में ही कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी जीते है। जनपद पंचायत डौंडी में अध्यक्ष का पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित है। यहां 15 सदस्य है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए 8 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। तीन दिन पहले 7 सदस्य अज्ञातवास में चले गए थे। कांग्रेस का दावा है कि पार्टी के अधिकृत व समर्थित सदस्य 7 है। एक सदस्य की और जरूरत है। 2020 में चुनाव के बाद सदस्यों के समर्थन से बसंती दुग्गा अध्यक्ष बनी थी। वहीं जनपद पंचायत डौंडीलोहारा में इस बार अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। भाजपा का पलड़ा भारी है। यहां 25 सदस्य है। जिसमें 13 भाजपा, 8 कांग्रेस, 4 निर्दलीय है। 2020 में सदस्यों के बहुमत से जागृत सोनकर अध्यक्ष बने थे। गुंडरदेही में बराबर की स्थिति, निर्दलीय तय करेंगे अध्यक्ष गुंडरदेही जपं मंे अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन काबिज होगा, यह चुनाव जीतने वाले निर्दलीय सदस्य तय करेंगे। दरअसल यहां भाजपा व कांग्रेस बराबर की स्थिति में है। कुल 24 सदस्य है। जिसमें 10 भाजपा व 10 कांग्रेस के समर्थित व अधिकृत है। 4 निर्दलीय है। इस बार अध्यक्ष का पद अनारक्षित मुक्त के लिए आरक्षित है। 2020 में सदस्यों के बहुमत से सुचित्रा साहू अध्यक्ष बनी थीं।


