भास्कर न्यूज | बालोद नवीन शासकीय महाविद्यालय जेवरतला में रेडक्रॉस विभाग और महिला सेल के संयुक्त तत्वावधान में माहवारी जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय व्याख्यान हुआ। कॉलेज की अतिथि खेल अधिकारी डॉ. शिल्पा वैष्णव ने विषय की प्रासंगिकता बताई। मुख्य वक्ता जिला दुर्ग संयोजक आईआई ऑफ चैरिटेबल ट्रस्ट नई दिल्ली करण साहू ने माहवारी संबंधी समस्या और सर्वाइकल व गर्भाशय कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य का ध्यान रखने, उचित खानपान और सही जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। दुर्ग ब्लॉक संयोजक खेमिका साहू ने ट्रस्ट के उद्देश्य पर जानकारी दी। जोनल अधिकारी करण साहू ने माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों पर चर्चा की। उन्होंने सेनेटरी पैड के प्रकार और उनके उपयोग के सही समय अंतराल की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक पुष्पलता जैन, ओजस्वी साहू, रूही चांदने, राधिका देवांगन आदि मौजूद थे।


