राजपुर | गुजरात अध्ययन भ्रमण के लिए गए जनप्रतिनिधियों का जिला वडोदरा के ग्राम पंचायत डुमाड पंचायत भवन में बैंड के साथ पुष्प वर्षा कर व तिलक लगाकर स्वागत किया गया। ग्रामीण विकास को नई दिशा देने और तकनीकी आधारित विकास मॉडल को समझने के उद्देश्य से बलरामपुर के विभिन्न जनपद पंचायतों के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों का दल गुजरात के लिए अध्ययन भ्रमण पर रवाना हुआ। भ्रमण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग विकास मॉडल का अवलोकन किया। ग्राम पंचायत डूमाड भवन में सरपंच कल्पनाबेन चौहान व सचिव से मुलाकात कर ग्राम भ्रमण कर जानकारी ली। वहां ग्राम पंचायत की जनसंख्या 6000 के लगभग है, जिसमें मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र को देखा। एक ही कैंपस में मॉडल प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला व हाई स्कूल संचालित है, जो बहुत ही अच्छा है। सभी अध्यक्ष उपाध्यक्षों ने वहां की सुंदरता की सराहना की। वहीं गांव के बीच में बहुत बड़ा तालाब बनाया गया है, चारों ओर से सौंदर्यीकरण कार्य किया गया है। यह लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसकी नियमित साफ-सफाई की जाती है। इस भ्रमण में बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, बस्तर के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मौजूद रहे।


