भास्कर न्यूज | जामताड़ा उपायुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक हुई। उपायुक्त ने जिले में स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित बच्चों की संख्या और दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न प्रखंडों से कुल 47 आवेदन मिले हैं। सभी आवेदनों में जरूरी दस्तावेज संलग्न हैं। सभी बच्चों के आधार कार्ड और बैंक खाते का वेरिफिकेशन हो चुका है। माता-पिता की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की भी जांच कर ली गई है। उपायुक्त ने स्कोर के आधार पर आवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और लोगों को जागरूक करने को कहा। ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद बच्चों को इसका लाभ मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि फोस्टर केयर और स्पॉन्सरशिप योजना अनाथ और असहाय बच्चों के लिए है। इन बच्चों को किसी पर बोझ नहीं बनने देना है, बल्कि उन्हें राष्ट्र की धरोहर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को गांवों और पंचायतों में जाकर योजना की जानकारी देने को कहा। साथ ही ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।


