जिले के फरसगांव बस स्टैंड नेशनल हाइवे के किनारे सोमवार की सुबह चार बजे के दरमियान तेज रफ्तार बेकाबू वाहन की चपेट में आने से चार गायों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही शहरवासियों में घटना के लिए दोषी अज्ञात वाहन चालक और लापरवाह मवेशी मालिकों के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। आक्रोषित लोगों का कहना है कि इस दुःखद हादसे के लिए जितना वाहन चालक जिम्मेदार है उतना ही इन गायों के मालिक जो अपने जानवरों को लावारिस की भांति उनके हाल पर छोड़कर बेसुध हो जाते हैं। घटना स्थल पर नगरपंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र व बजरंग दल के कार्यकर्ता मृत गायों को हटाते नजर आये। बस स्टैंड रोड पर प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में गाय झुंड बनाकर हाइवे पर बैठी रहती हैं जिससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। लोगों ने कहा सड़कों पर ऐसे पशुओं को पकड़कर भेजा जाए गौशाला शहरवासियों की मांग है कि गाय मालिकों की पहचान कर उन्हें मवेशियों को खुले में न छोड़नें की समझाइश दी जाए। अगर पशु मालिक मवेशियों को खुले में छोड़ते हैं तो उन्हें गौशाला में भेज दिया जाए वरना दुर्घटनाओं का यह सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा।


