अनूपपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरपानी गांव से लगे जंगल में शुक्रवार सुबह एक वृद्ध महिला का शव मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू की। शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। केकरपानी, खोलईया गांवों में बीते दिनों घूम रही थी महिला बताया गया कि मृतका की उम्र 60 से 65 वर्ष के बीच थी। वह पिछले कुछ दिनों से केकरपानी और खोलईया गांवों में अकेले विक्षिप्त अवस्था में घूमती रहती थी। कुछ ग्रामीणों द्वारा उसे खाने-पीने की सामग्री भी दी जाती थी। ग्रामीणों ने पुलिस को दी शव मिलने की जानकारी शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने महिला को केकरपानी के जंगल में मृत अवस्था में देखा। उन्होंने इसकी सूचना वनरक्षक और ग्राम पंचायत के सरपंच को दी। सरपंच ने तत्काल कोतवाली पुलिस, अनूपपुर को घटना की जानकारी दी। सड़ी हुई हालत में मिली लाश, पीएम के लिए भेजा शव सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृत वृद्धा के शव का पंचनामा किया। शव कुछ दिन पुराना होने के कारण उसमें सड़न की स्थिति थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेजा है और अज्ञात वृद्ध महिला की पहचान का प्रयास कर रही है।


