अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने गुरुवार को ग्राम बैरीबांध (जमुड़ी) में स्थित राजकुमार गोस्वामी के अवैध क्लिनिक का निरीक्षण किया। जांच के बाद क्लिनिक के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण निरीक्षण दल में डी.एच.ओ.-1 डॉ. एस. सी. राय, प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी विकासखंड अनूपपुर डॉ. धनीराम सिंह श्याम, डी.एच.ओ.-2 डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे। जांच में पाया गया कि क्लिनिक बिना अनुमति के संचालित हो रहा था। मरीजों को भर्ती करने के लिए पलंग और पैथोलॉजी जांच की सुविधाएं भी यहां उपलब्ध थीं। अवैध दवाइयां और उपकरण जब्त टीम ने अवैध रूप से खरीदी गई एलोपैथिक दवाइयां, बोतलें, सिरिंज, एंटीबायोटिक दवाइयां और पैथोलॉजी से संबंधित सामग्री जब्त की। क्लिनिक के बाहर संचालन पर प्रतिबंध का नोटिस चस्पा किया गया। क्लिनिक संचालक राजकुमार गोस्वामी निरीक्षण के समय मौके पर मौजूद नहीं थे।


