अनूपपुर पुलिस ने ‘प्रोक्टर एंड गैंबल’ कंपनी के गोदाम में हुई 6 लाख रुपए की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी का मास्टरमाइंड कंपनी का ही सेल्स एग्जीक्यूटिव निकला, जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। चोरी की यह घटना 9 दिसंबर 2025 की रात को अमरकंटक रोड स्थित टच स्टोन सर्विस कंपनी के गोदाम में हुई थी। चोरों ने गोदाम के पीछे की दीवार में बड़ा छेद किया और दरवाजा उखाड़कर अंदर घुस गए थे। वहां से वे कंपनी के कीमती उत्पादों से भरे कई कार्टून चुरा ले गए थे। ब्रांच इंचार्ज की शिकायत पर पुलिस तभी से चोरों की तलाश कर रही थी। कंपनी के ही अधिकारी ने रची थी साजिश पुलिस जांच में पता चला कि अनूपपुर ब्रांच में पिछले दो साल से सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर रहे अंजनी कुमार दुबे ने ही पूरी साजिश रची थी। उसे गोदाम के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। उसने अपने तीन साथियों अंकित द्विवेदी, शिवांशू अवधिया और मानस सिंह के साथ मिलकर चोरी की और सारा सामान रामजानकी मंदिर के पास किराए पर ली गई एक दुकान में छिपा दिया। सारा सामान बरामद सोमवार रात पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छापेमारी की और चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।


