बारां|शहर के नगर परिषद धर्मशाला में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई संस्कार सेवा संस्थान का आयुक्त ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई संचालक की ओर से लोगों से भोजन के तय राशि से अधिक वसूलने ओर भोजन की मात्रा कम मिलने जैसी खामियां मिली। ऐसे में परिषद की ओर से संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। एसडीएम व नगर परिषद आयुक्त अभिमन्यु कुंतल ने बताया कि रसोई के निरीक्षण के दौरान यहां खाना खा रहे लाभार्थियों ने बताया कि कूपन की राशि 10 रुपए ली गई है एवं प्रतिदिन राशि 10 रुपए ही लेकर खाना खिलाया जाता है। साथ ही लाभार्थियो को 6 रोटियां दी जा रही थी। जिनका वजन करने पर 180 ग्राम वजन आया। जबकि नियमानुसार 300 ग्राम रोटी दी जानी है। इस तरह संचालक की ओर से उचित मापदंडों के अनुरूप रसोई का संचालन नहीं करने पर 10 हजार रूपये की शास्ति लगाई गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने के लिए पाबन्द किया गया है।


