बारां| शहर के मांगरोल बाईपास रोड अन्नपूर्णा माता मंदिर परिसर में वैद्य संत रावल बाबा उज्जैन के सानिध्य में निशुल्क रोग निवारण शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में सोमवार को सुबह 7 से 9 बजे तक 12 से अधिक जोड़ो ने इक्कीस हजार रूद्राक्ष से बनाए गए शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया। आचार्य सुदर्शन वैष्णव ने वैदिक मंत्रोचारण के साथ यजमानों ने अभिषेक पूजन करवाकर रुद्राभिषेक करवाया। इस दौरान पूरा पांडाल ऊं नमः शिवाय जय बाबा महाकाल के घोष के साथ गुंजायमान हो उठा। बाबा महाकाल की आरती के बाद 8वें दिन शिविर की शुरूआत नरेश कुमार शर्मा व ओमप्रकाश साहू सपत्नीक ने महाकाल की पूजा-अर्चना करके शिविर की शुरुआत की। शिविर संयोजक राधेश्याम राठौर (पंडियार) ने बताया कि सोमवार को मौसम खराब कोहरा छाने के बाद भी शिविर में सवेरे से ही परामर्श के लिए पुरूष-महिलाओं की कतार लगी रही। शिविर में नर सेवा नारायण सेवा की भावना को लेकर पंडित महेश शर्मा, संजय राठौर, पवन गालव, सौरभ गोयल, ललित राठौर, मनोज राठौर, हरिमोहन गोयल, पीयूष उपाध्याय, गिरीश सोनी महिलाओं में मनीषा व रोशनी राठौर सहित कई लोग मौजूद रहे। शिविर प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पिछले आठ दिन से रोज मरीज बीमारी की समस्या को लेकर पहुंच रहा है। उसकी बीमारी में राहत मिलने व शिविर का प्रचार-प्रसार होने से दूर दराज शहर गांवों से हजारों की संख्या में मरीज परामर्श लेने पहुंच रहे हैं।


