अपहरण के बाद बुजुर्ग को कमरे में बंद कर पीटा

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर कलेक्टोरेट के कोर्ट परिसर वाले गेट से मंगलवार शाम को बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग को बाहर बुलवाया और फिर उसका अपहरण कर लिया। दोनों युवकों ने उसे बाइक पर बैठाकर जबरन अपने साथ शहर के एक मोहल्ले में ले जाकर कमरे में बंद कर बेदम पीटा। मामला तब सामने आया, जब किसी तरह घटना के बारे में संजय सोनी के परिजन को पता चला तो उन्होंने कोतवाली में शिकायत की। घटना से पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी की। संजय शहर के चांदनी चौक इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने संजय के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया तो वह नमनाकला स्थित एक मंदिर के पास मिला। इसी के आधार पर पुलिस ने एक कमरे से संजय को बरामद कर वहां रहे दो युवकों को हिरासत में लिया। संजय का मामला जमीन बिक्री के पैसे के लेन-देन का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार संजय को लेकर जो दो युवक ले गए थे, वे जमीन का कारोबार करते हैं। संजय का कहना है कि उनकी जमीन का करीब 60 लाख रुपए में सौदा हुआ था। मिश्रा नामक एक व्यक्ति से इसी को लेकर एक एग्रीमेंट हुआ था। उन्होंने एग्रीमेंट के बाद करीब ढाई लाख रुपए दिए थे। एग्रीमेंट के अनुसार तय समय में जमीन की खरीद-बिक्री नहीं गई। अब एग्रीमेंट का समय खत्म हो चुका है। इसके बाद वे दबाव बना रहे हैं और गलत आरोप लगा रहे हैं कि 20 लाख रुपए उन्होंने मुझे भुगतान किया है। बुजुर्ग को ​ बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया, जांच कर रहे : टीआई कोतवाली टीआई मनीष सिंह परिहार ने बताया मामला जमीन संबंधी पैसे के लेन-देन से जुड़ा है। संजय को कलेक्टोरेट के पास से शाम को दोनों युवक लेकर अपने साथ गए। युवकों पर अपहरण का आरोप है। संजय को नमनाकला इलाके से बरामद कर लिया है। वे सुरक्षित हैं। मामले की जांच कर रहे हैं। जो भी तथ्य आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *