अफीम की खेती न करने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

थाना क्षेत्र के बंधुवा पंचायत के कोलाद गांव में अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता कार्यक्रम चलाया। अफीम से होने वाले नुकसानों के बारे में बताया गया। इसके बाद सभी ग्रामीण खुद से लाठी-डंडे लेकर खेतों में उतरे और 30 एकड़ में लहलहा रहे अफीम की खेती को नष्ट किया। यह अभियान लगातार 7 घंटे तक चला। इस दौरान ग्रामीणों को अफीम की खेती न करने की शपथ दिलाई गई। बताया गया कि विभिन्न पंचायतों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। मौके पर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट पूजा मल्लिक, ट्रेनी डीएसपी पी बेहरा एवं नामकुम थाना से जयदेव कुमार सहित अन्य बल मौजूद थे। अफीम की खेती छोड़ किसान स्ट्रॉबेरी व मौसमी सब्जियों की खेती करें, जल्द बन जाएंगे लखपति नामकुम जब किसान खेती से अपनी आजीविका के निर्वहन में लगे रहते हैं, तब महिलौंग के भदया महतो ने स्ट्रॉबेरी की खेती कर खेती-किसानी की परिभाषा को ही बदल दिया है। स्ट्रॉबेरी की खेती कर अच्छा मुनाफा कमाया है। वे आज अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। पिछले तीन माह में वह डेढ़ लाख की स्ट्रॉबेरी बेच चुके हैं। पिछले साल नवंबर में सात डिसमिल जमीन पर स्ट्रॉबेरी के तीन हजार पौधे लगाए थे, जिससे तीन लाख से ज्यादा का मुनाफा कमाया। अभी बाजार में लगातार बिक्री जारी है। उन्होंने कहा कि यदि बेहतर रूप से इसकी खेती की जाए तो इसकी कमाई पारंपरिक खेती से काफी अलग है। पारंपरिक खेती आमतौर पर मौसम पर आधारित खेती होती है, जबकि स्ट्रॉबेरी की खेती ड्रिप एरिगेशन के माध्यम से की जाती है। वह कहते हैं कि टमाटर से तीन लाख, बैंगन से दो लाख और मिरची की खेती से 90 हजार की फसल बेच चुका हूं। इसमें उषा मार्टिन कंपनी का भरपूर सहयोग रहा है। भदया महतो का कहना है कि लगन और ईमानदारी से खेती-बारी की जाए तो नौकरी भी इसके सामने कुछ नहीं है। आज उनकी प्रेरणा से आसपास के गांव के किसान भी प्रेरित होकर खेती में लग चुके हैं। कई किसान भदया को खेती करने के लिए बेकार पड़े अपने खेत दे रहे हैं, ताकि उन्हें भी कुछ मुनाफा हो सके। भदया कहते हैं कि पैसे के लालच में किसान गैरकानूनी ढंग से अफीम की खेती करते हैं। पुलिस-प्रशासन का हमेशा डर भी बना रहता है। अफीम की खेती से खेत भी बर्बाद हो जाता है और युवा पीढ़ी को नशे की लत में धकेल भी रहे हैं। इसलिए ये सब छोड़कर लगन और मेहनत से स्ट्रॉबेरी और मौसमी सब्जियों की खेती करें तो महीने में लाखों रुपए की कमाई आसानी से हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *