अबोहर में नहरी विभाग द्वारा पंद्रह दिन पूर्व नहरों की सफाई करवाने के लिए नहरबंदी की गई थी। विभाग द्वारा करवाए जा रही सफाई व्यवस्था का जायजा लेने आज विधायक संदीप जाखड़ अपनी टीम के साथ मलूकपुर माइनर पर पहुंचे। भाजपा विधायक संदीप जाखड़ ने बताया कि विभाग द्वारा सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है, जबकि उम्मीद है कि कल नहर में पानी छोड़ दिया जाएगा, परंतु अभी तक नहरों को पूरी तरह साफ नहीं किया गया, अभी भी नहरों में काफी सिल्ट और अन्य सामग्री जमा है, जिस कारण टेलों पर पानी पर्याप्त मात्रा में पहुंचना असंभव है। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा नहरों की सफाई के लिए करोड़ों रुपए के टेंडर लगाए गए हैं, परंतु सफाई सही तरीके से ना होना इसमें हो रहे भ्रष्टाचार को साफ दर्शा रहा है। उन्होंने पंजाब सरकार से नहरों की सफाई सही ढंग से करवाने व इसमें हुए भ्रष्टाचार की जांच करवाने की मांग की है। किसानों में रोष, कहा नहीं पहुंच पानी वहीं, गांव बकैनवाला के पंचायत मेंबर एवं किसान नेता पन्ना लाल व अन्य किसानों ने रोष जताते हुए कहा कि वें आज चूहडीवाला माइनर पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे तो देखा कि इस नहर में बिल्कुल सफाई नहीं की गई। नहर में गंदगी और मिट्टी भरी पड़ी है। सफाई का काम अधूरा छोड़ा गया- किसान उन्होंने बताया कि नहरी विभाग द्वारा जिस निजी ठेकेदार को नहर की सफाई का कार्य दिया गया है उसके द्वारा माइनर की एक टेल पर ही बकैनवाला और कोयलखेड़ा के निकट 7 बुर्जियों तक ही सफाई करवाई गई है, जबकि बाकी की सफाई का काम अधूरा छोड़ दिया गया है। कल तक नहरों मे पानी छोड़ दिया जाएगा, ऐसे में नहर की सफाई का कार्य अधूरा रह गया है और फिर से उन्हें टेलों पर पूरा पानी नहीं मिल पाएगा। यह विभाग का किसानों के साथ धक्का और धोखा है। उन्होंने नहरी विभाग के एक्सईएन से मांग की है कि इस नहर की मुक्कमल सफाई करवाई जाए, ताकि उन्हें पूरा नहरी पानी मिल सके। वहीं इस बारे में एक्सईएन से बात करने का प्रयास किया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।


