फाजिल्का जिले में अबोहर के गांव बहाववाला में नवविवाहित युवक ने पत्नी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पत्नी उससे झगड़ कर मायके चली गई थी। जिससे परेशान होकर युवक पेड़ पर फंदे से लटक गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी सिमरनदीप कौर और सास स्वर्ण कौर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक सुखवंत सिंह की मां कुलजीत कौर की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। कुलजीत कौर ने बताया कि उनके बेटे ने छह महीने पहले सिमरनदीप कौर से शादी की थी। शादी के बाद से ही पत्नी अक्सर झगड़ा करती थी और मायके चली गई। पत्नी और मां पर धमकी देने का आरोप सिमरनदीप और उसकी मां फोन पर धमकियां देती थीं कि वह वापस नहीं आएगी। इससे सुखवंत मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। 13 मई की सुबह वह घर से निकला और अमरपुरा-भागू रोड पर कीकर के पेड़ पर फंदा लगा लिया। दो दिन बाद झाड़ियों से उसका शव बरामद हुआ। एक महीने पहले ही पिता की मौत कुलजीत कौर ने बताया कि एक महीने पहले ही उनके पति का देहांत हुआ था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आज दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और गांव की शिवपुरी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।


