अबोहर में भारत माला प्रोजेक्ट का काम फिर शुरू:200 पुलिसकर्मी मौजूद, एक हफ्ते पहले भी पहुंची थी टीम, उचित मुआवजा न देने पर विवाद

फाजिल्का जिले में अबोहर के सीड फार्म में भारत माला प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य मंगलवार को फिर से शुरू हो गया। जिला प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्य आरंभ करवाया। प्रशासन ने विरोध कर रहे लोगों को चेतावनी दी कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक सप्ताह पहले जब प्रशासन ने हाईवे निर्माण का काम शुरू किया था, तब सैकड़ों कब्जेधारी और किसान यूनियन ने धरना दे दिया था। आज एसपीडी मुख्तयार सिंह और एसडीएम कृष्ण पाल राजपूत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इनमें तीन डीएसपी और सभी थानों के प्रभारी शामिल थे। साथ ही जेसीबी, कैंटर और टैंकर भी मौके पर लाए गए। जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग जानकारी के अनुसार फाजिल्का बाईपास से मलोट बाईपास तक बनने वाले रास्ते पर सीड फार्म के कब्जाधारी पिछले एक साल से बाधा डाले हुए थे। वे जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। काम में बाधा डालने वालों को कड़ी चेतावनी प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कार्य में बाधा डालने वालों को कड़ी चेतावनी दी। इस पर विरोध कर रहे लोग पीछे हट गए। कुछ आबादकारों ने गांव के सरपंचों और किसान-मजदूर संगठन के नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ये नेता उन्हें आगे करके खुद पीछे हट गए, जिससे उनका संघर्ष कमजोर पड़ गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *