अब आंदोलन की तैयारी:नौकरी का इंतजार… मूल्यांकन पूरा, पर रिजल्ट जारी नहीं, नतीजा-28,804 पदों पर अटक गई नियुक्ति

झारखंड में 28,804 पदों के लिए महीनों पहले नियुक्ति परीक्षा हो चुकी है। लेकिन अब तक रिजल्ट जारी नहीं हुआ है। नतीजा-अभ्यर्थी निराश हैं। कोई ट्यूशन पढ़ाकर गुजर-बसर कर रहा है तो कोई दुकान चलाने को मजबूर हैं। सभी को रिजल्ट का इंतजार है। राज्य में नियुक्ति परीक्षाएं मुख्य रूप से दो आयोग लेता है। झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी)। पहले तो समय पर नियुक्ति परीक्षा नहीं होती। अगर परीक्षा हो गई तो विवाद में फंस जाता है और रिजल्ट रुक जाता है। जेपीएससी ने 342 पदों के लिए 11वीं से 13वीं सिविल सेवा मुख्य परीक्षा ली थी। लेकिन रिजल्ट जारी नहीं हुआ। वहीं जेएसएससी की सहायक आचार्य के 26,001 पदों के लिए भी नियुक्ति परीक्षा हो चुकी है। लेकिन कोर्ट ने रिजल्ट पर रोक लगा दी है। जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के रिजल्ट पर भी कोर्ट की रोक है। वहीं महिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति परीक्षा का रिजल्ट भी अब तक जारी नहीं हुआ है। अभ्यर्थी रिजल्ट पर टकटकी लगाए हुए हैं। लेकिन कोई बताने वाला नहीं है कि आखिर रिजल्ट कब जारी होगा। उधर, जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के सब्र का बांध टूटने लगा है। ये अभ्यर्थी शुक्रवार को रांची में जुटेंगे और रिजल्ट जारी करने की मांग करेंगे। जेएसएससी: 26 हजार सहायक आचार्य पद के रिजल्ट पर कोर्ट की रोक जेएसएससी ने सहायक आचार्य के 26,001 पदों पर नियुक्ति के लिए अगस्त 2023 में आवेदन मांगा था। जुलाई 2024 में परीक्षा ली गई। इसमें करीब 80 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए। लेकिन आठ महीने बीत जाने के बाद भी रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। इसी तरह सीजीएल के 2017 पदों पर नियुक्ति के लिए 22-23 सितंबर 2024 को परीक्षा ली गई। सफल अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का काम 16 से 20 दिसंबर 2024 तक हुआ। इसके लिए 2231 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से दो अनुपस्थित रहे। शेष का वेरिफकिेशन हुआ। ​इसलिए फंसा रिजल्ट… दोनों परीक्षाएं विवादों में फंस गई। मामला कोर्ट पहुंचा और दोनों परीक्षाओं के रिजल्ट पर कोर्ट ने रोक लगा दी। जब तक कोर्ट का कोई फैसला नहीं आ जाता, तब तक रिजल्ट जारी होने की संभावना नहीं है। जेएसएससी: महिला पर्यवेक्षिका परीक्षा का रिजल्ट भी नहीं हुआ जारी जेएसएससी ने महिला पर्यवेक्षिका के 444 पदों पर नियुक्ति के लिए अक्टूबर 2023 में आवेदन मांगा था। इसके एक साल बाद सितंबर 2024 में सीबीटी मोड में परीक्षा हुई। इसमें 9676 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। लेकिन सात माह बीत जाने के बाद भी अब तक रिजल्ट जारी नहीं हो सका। जबकि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में महिला पर्यवेक्षिका के 440 पदों के लिए जुलाई 2023 में आवेदन मांगा गया। अगस्त में परीक्षा हुई और सितंबर में रिजल्ट जारी कर दिया गया। राजस्थान में भी 587 पदों के लिए मार्च 2024 में आवेदन मांगा गया। सितंबर 2024 में परीक्षा हुई और जनवरी 2025 में रिजल्ट जारी हो गया। ​इसलिए फंसा रिजल्ट… रिजल्ट क्यों अटका, इस पर कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। समाज कल्याण निदेशक किरण कुमारी पासी ने कहा कि जेएसएससी को रिजल्ट जारी करना है। हम प्रतीक्षा कर रहे हैं। जेपीएससी: सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का रिजल्ट नौ माह से लंबित ​जेपीएससी ने 11वीं से 13वीं सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 22 से 24 जून 2024 को ली थी। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का काम पूरा कर लिया गया है। इस परीक्षा का रिजल्ट अगस्त 2024 में ही घोषित किया जाना था। इसके माध्यम से राज्य सिविल सेवा के विभिन्न संवर्ग के 342 पदों पर नियुक्ति होनी थी। हालांकि पीटी का रिजल्ट कैलेंडर के मुताबिक पिछले साल 22 अप्रैल को ही घोषित कर दिया गया था। इसमें 7011 अभ्यर्थी पास हुए थे। ​इसलिए फंसा रिजल्ट… दरअसल जेपीएससी अध्यक्ष का कार्यकाल 22 अगस्त 2024 को खत्म हो गया था। करीब सात महीने तक अध्यक्ष का पद खाली था। फरवरी में जेपीएससी को नया अध्यक्ष मिला। इससे पहले अध्यक्ष और सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल न होने से भी रिजल्ट जारी करने में देरी हुई। जेएसएससी अध्यक्ष का पद प्रभार में, प्रभारी भी छुट्‌टी पर, अब दूसरे को दिया प्रभार जेएसएससी अध्यक्ष नीरज सिन्हा ने 12 फरवरी 2024 को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 21 फरवरी 2024 को प्रशांत कुमार को जेएसएससी के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। प्रशांत कुमार लंबी छुट्‌टी पर चले गए। इसके बाद प्रभार में चल रहे इस पद को फिर प्रभार में दे दिया गया है। श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के निदेशक मनीष रंजन को जेएसएससी के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रशांत कुमार सात अप्रैल से दो मई तक अवकाश पर हैं। प्रशांत कुमार के वापस लौटने पर फिर से उन्हें यह पद अतिरिक्त प्रभार में मिल सकता है। अध्यक्ष बोले : अभी अवकाश से लौटा हूं, देखते हैं रिजल्ट की क्या स्थिति है रिजल्ट कब तक जारी होगा, इस सवाल पर जेपीएससी अध्यक्ष एलबी ख्यांगते ने कहा कि अभी अवकाश से लौटा हूं। देखते हैं कि रि​जल्ट की क्या स्थिति है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *