अब ई-टोकन प्रणाली से किसानों को मिलेगा खाद

भास्कर संवाददाता | बड़वानी जिले में 1 जनवरी से खाद का वितरण ई-टोकन प्रणाली से होगा। ई-विकास प्रणाली के संबंध में कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जिले के सहकारी व निजी क्षेत्र के उर्वरक विक्रेताओं शामिल हुए। प्रशिक्षण में बताया किसानों की भूमि की जानकारी जैसे क्षेत्रफल, फसल प्रकार की जानकारी एग्री स्टेक पोर्टल से प्राप्त कर उर्वरक की आवश्यकता का अनुमान लगाया जाता है। ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने के लिए किसान को फार्मर रजिस्ट्री/फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य होगा। फार्मर आईडी क्षेत्र के पटवारी या लोकल यूथ से संपर्क कर बनाई जा सकेगी। फार्मर रजिस्ट्री होने के बाद किसान का ई-विकास पोर्टल पर पंजीयन कर ई- टोकन जारी करेंगे। जिसके आधार पर किसान नजदीक के डीलर फसल की मांग अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। निमेश जैन भोपाल से लाइव जुड़कर ई-विकास प्रणाली पोर्टल पर आईडी जनरेट से लेकर टोकन जारी करना, उर्वरक वितरण तक की जानकारी दी। ई-विकास प्रणाली किसानों को उर्वरक वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्धता और सुगमता प्रदान करने के लिए विकसित की गई है। ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत किसानों को उर्वरक प्राप्ति के लिए एक डिजिटल टोकन प्रदान किया जाता है। जिसमें उनकी आवश्यकतानुसार उर्वरक की मात्रा, वितरण केंद्र, तिथि एवं समय का उल्लेख होता है। इससे वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ कम होती है और किसानों को लंबी कतारों से राहत मिलती है। अपर कलेक्टर सोहन कनास, उप संचालक कृषि केसी वास्केल, जिला विपणन अधिकारी आर टेंबरे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी संजय शर्मा, एसएलआर शीतल सोलंकी, कृषि विभाग के मैदानी अमले, जिले के सभी पैक्स, विपणन संघ, एमपी एग्रो, मार्केटिंग के अफसर-कर्मचारी व निजी व्यापारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *