अब दूसरे स्टेट में भाग रहे नक्सली:अमित शाह अफसरों से बोले- पुलिस-पैरा मिलीट्री फोर्स मिलकर पकड़े, एक्शन का मोमेंटम कम न हो

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में एंटी नक्सल ऑपरेशन काे लेकर बैठक ली। अफसरों से शाह को इनपुट मिला कि लगातार अब नक्सली अपनी लोकेशन बदल रहे हैं। दूसरे राज्यों में भी नक्सली भाग रहे हैं। बीते 1 साल में छत्तीसगढ़ में फोर्स नक्सलियों को जंगलों में ढूंढ़कर एनकाउंटर कर रही है। इस एक्शन की वजह से नक्सली दूसरे स्टेट में भाग रहे हैं। इन बातों को सुनने के बाद शाह ने बैठक में कहा- एक राज्य से दूसरे राज्य में भाग रहे नक्सलियों को पकड़ने के लिए राज्य पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियां आपस में कोआर्डिनेशन को बढ़ाएं। खुफिया इनपुट पर काम करने को शाह ने IB के अधिकारियों को भी निर्देश इस बैठक में दिए। ये बैठक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक रिजॉर्ट में आयोजित की गई थी। इसमें प्रदेश के CM विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा शामिल थे। राज्य सरकार ने इस बैठक में अब तक के ऑपरेशन नक्सल सरेंडर और योजनाओं के बारे में भी शाह को बताया।
नियद नेल्लानार योजना का दायरा 5 किलाेमीटर बढ़ेगा
अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास और सुरक्षा दोनों ही मोर्चों पर प्रगति संतोषजनक हुई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रशासन से नक्सल प्रभावित इलाकों में सरकारी योजनाएं जन-जन तक पहुंचाने के लिए बनाई गई ‘नियद नेल्लानार’ को सुरक्षा बलों के शिविरों के 5 किलोमीटर के दायरे से बढ़ाकर 10 किलोमीटर करने को कहा। श्री शाह ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता को विकास के समान अवसर मिले। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान का मोमेंटम किसी भी सूरत में कम नहीं होना चाहिए। 31 मार्च को इतिहास बनाना है
बैठक में शाह ने अफसरों से कहा कि नक्सलवाद को खत्म करके 31 मार्च 2026 के दिन को एतिहासिक बनाना है। ये वो दिन होगा जब छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में नक्सलवाद एक इतिहास बन जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार नक्सलवाद के समूल नाश में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद के कारण कई पीढ़ियाँ बर्बाद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद फिर से जड़ न जमा पाए इसलिए इसका समूल नाश आवश्यक है। गृह मंत्री ने यह भी कहा कि नक्सलियों के खिलाफ जारी लड़ाई को बिखरने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि एक राज्य से दूसरे राज्य में भाग रहे नक्सलियों को पकड़ने के लिए राज्य पुलिस और केन्द्रीय सुरक्षा एजेंसियाँ में समन्वय और बेहतर होना चाहिए। बैठक में आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, केन्द्रीय गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के महानिदेशक, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *