अब पशु और मत्स्य पालन में लोगों को दिख रही रोजगार की कई संभावनाएं

भास्कर न्यूज | राजिम राजिम कुंभ कल्प में रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुधन विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा नवीन मेला मैदान में संयुक्त स्टॉल लगाया गया है, जो आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल पर विभागीय योजनाओं और तकनीकी जानकारियों के प्रति लोगों में रुचि देखने को मिल रही है। पशुधन विभाग के स्टॉल में वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. बीके. साहू द्वारा कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गाय प्रत्येक 21 दिन में गर्म होती है और इस दौरान 12 घंटे के अंतराल में कृत्रिम गर्भाधान किया जाता है। इसके लिए उपयोग में लाया जाने वाला बीज केंद्रीय वीर्य संग्रहालय अंजोरा से प्राप्त किया जाता है। डॉ. साहू ने बताया कि यह सेवा पशुपालकों के लिए पूरी तरह निःशुल्क है, जिससे पशुधन की गुणवत्ता में सुधार के साथ किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है। वहीं मत्स्य पालन विभाग के स्टॉल में सजावटी मछलियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई है, जो विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को आकर्षित कर रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से यह जानकारी दी जा रही है कि सजावटी मछली पालन के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला वर्ग को 60 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग को 40 प्रतिशत तक शासकीय अनुदान दिया जाता है। प्रदर्शनी में गोल्ड फिश, सिल्वर बार्ब, रूपचंद, निऑन टेट्रा और कोई कार्प जैसी रंग-बिरंगी प्रजातियों की सजावटी मछलियां प्रदर्शित की गई हैं, जो लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *