रांची| अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन देहरादून में हुआ। अधिवेशन का उद्घाटन देहरादून में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस सोमनाथ, अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री कु. क्षमा शर्मा, स्वागत समिति अध्यक्ष डॉ. कमल घनसाला व स्वागत समिति महामंत्री रमेश गड़िया व अन्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार यशवंतराव केलकर जी के जीवन पर आधारित यशवंत@100 पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय अधिवेशन में अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी, निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजशरण शाही व केंद्रीय सचिवालय सचिव देवानंद त्यागी द्वारा किया गया। इसके बाद नवीन दायित्व व कार्यक्रमों की घोषणा की गई, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से कई कार्यकर्ताओं को दायित्व दिया गया, जिसमें रांची से शुभम पुरोहित को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य का दायित्व दिया गया।


