अमृतसर एयरपोर्ट के बाहर लगाया जाम:जत्थेबंदियों ने किया प्रदर्शन, बोले- गोलीकांड में नहीं की जा रही कार्रवाई, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

अमृतसर के कुहाली गांव में तीन महीने पहले हुई गोलीबारी में घायल युवक को न्याय न मिलने के विरोध में आज (शुक्रवार को) कई संगठनों ने अमृतसर एयरपोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। भगवान वाल्मीकि जत्थेबंदी, सिख समुदाय, सिंह सभा रंगरेटा और किसान यूनियन सहित विभिन्न संगठनों ने एयरपोर्ट हाईवे को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सिंह सभा जत्थेदार जोगा सिंह बडाला ने बताया कि धारा 307 के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस पिछले तीन महीनों से मामले को टाल रही है और आरोपियों को कार्रवाई से पहले ही सूचना मिल जाती है, जिससे आरोपी फरार हो जाते हैं। परिजन बोले- घायल युवक व्हीलचेयर पर उन्होंने कहा कि, गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल युवक अभी भी व्हीलचेयर पर है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। परिवार ने निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि इस गंभीर स्थिति के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित को जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। एयरपोर्ट मार्ग जाम होने के कारण कई यात्रियों को अपना सामान उठाकर पैदल ही एयरपोर्ट तक जाना पड़ा, जिससे विशेषकर वृद्ध और महिला यात्रियों को काफी कठिनाई हुई। अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और पीड़ित परिवार को निष्पक्ष तथा समयबद्ध जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों द्वारा लिखित और मौखिक भरोसा दिए जाने के बाद ही जाम खोला गया और धरना समाप्त हुआ। जथेबंदियों ने स्पष्ट किया कि वे पीड़ित के साथ खड़े हैं और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मामले में देरी हुई तो आंदोलन को राज्य स्तर पर भी बढ़ाया जा सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *