अमृतसर में ऑल इंडिया पिंगलवाड़ा संस्थान ने अपने संस्थापक भगत पूरन सिंह की 121वीं जयंती पर जल संरक्षण का संदेश दिया। संस्था ने 28 मई को शहर में हजारों बच्चों के साथ पानी बचाने के लिए रैली निकाली और अपील की। इसके बाद 4 जून 2025 को “जल बचाओ, मानवता बचाओ” विषय पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रैली में लावारिसों, अपाहिजों, मानसिक रोगी सहित पिंगलवाड़ा के सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया। संस्था ने सभी से अपील की कि अगर ज्यादा जीना है तो साफ पानी पीएं और पानी को आने वाली पीढ़ी के लिए बचाएं। सात स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया 28 मई को सुबह 10 बजे बस स्टैंड से एक विशेष रैली निकाली गई। यह रैली हुसैनपुरा चौक, नंदन सिनेमा चौक, रामबाग चौक होते हुए भाई गुरदास हॉल तक पहुंची। रैली में पिंगलवाड़ा के पांच स्कूलों के साथ अन्य चार स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। पिंगलवाड़ा संस्था की मुख सेवादार डॉ इंद्रजीत कौर के मुताबिक अगर आज नहीं जागे तो कल पानी की किल्लत से जीना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने उन्हें पानी के रूप में खूबसूरत तोहफा दिया है जिसे संभालना इंसानों का काम है। इसीलिए वो आज अपील कर रहे हैं को पानी को गंदा न करें, फैक्ट्री मालिकों से भी निवेदन है कि ऐसा करके पाप न कमाएं क्योंकि साफ पानी सबका हक ओर जरूरत दोनों है। 4 जून को पिंगलवाड़ा के मुख्य कार्यालय आयोजन उन्होंने बताया कि पिंगलवाड़ा के संस्थापक भगत पूरण सिंह की शताब्दी के अवसर पर आज के समारोह के बाद 4 जून को पिंगलवाड़ा के मुख्य कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 8:30 से श्री सहज पाठ साहिब का भोग होगा। इसके बाद भाई जसबीर सिंह और संस्था के बच्चों द्वारा गुरबाणी कीर्तन होगा। सुबह 11:30 से समाज सेवियों और पर्यावरणविदों द्वारा भगत जी के जीवन पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में डॉ. इंद्रजीत कौर सहित मुख्तार सिंह, राजबीर सिंह, योगेश सूरी, परमिंदरजीत सिंह भट्टी, सुरिंदर कौर भट्टी, तिलक राज और हरपाल सिंह संधू सहित हजारों छात्र उपस्थित थे।


