थाना घरिंडा पुलिस ने 2 हैंड ग्रेनेड के साथ तरनतारन की चीला कॉलोनी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ मिल्खा (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट टाइगर की ओर से ड्रोन के जरिए भेजे हैंड ग्रेनेड को हासिल कर उसे राजाताल डिफेंस ड्रेन के पास मिट्टी में दबाकर रखा था। पुलिस ने निशानदेही पर ग्रेनेड बरामद किए। हालांकि आरोपी के खिलाफ पहले कोई पर्चा दर्ज होना सामने नहीं आया है। वहीं, हरप्रीत सिंह को सप्लाई करने के लिए 30 से 40 हजार रुपए मिलते थे। एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह ने बताया कि थाना एसएचआे अमनदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ देश विरोधी गतिविधियों को नाकाम किया है। पुलिस ने कार्रवाई में आईएसआई से जुड़े 2 अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पाकिस्तान समर्थित तत्वों से हथियार लेकर किसी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने तत्परता से छापा मारा और रविंदर सिंह उर्फ रवि निवासी तलवंडी मोहर सिंह किला पत्ती तरनतारन को काबू किया था, जिससे 2 हैंड ग्रेनेड और बाइक बरामद हुई थी। अब पुलिस ने 6 अक्टूबर को आरोपी हरप्रीत सिंह को काबू किया है। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी को पाक स्थित तस्करी नेटवर्क से हथियार प्राप्त होते थे, जिन्हें वह पंजाब और आसपास के इलाकों में सक्रिय तत्वों तक पहुंचाने की कोशिश करता था। हरप्रीत स्वीकार किया कि वह आईएसआई के एजेंट ‘टाइगर’ के सीधे संपर्क में था। टाइगर के निर्देश पर वह पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में भेजे जाने वाले हथियारों और विस्फोटक सामग्री की खेपें प्राप्त करता था। वह पैकेटों को डल गांव के आसपास से उठाता था और सप्लाई करता था।


