पंजाब के अमृतसर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शुक्रवार को कोट खालसा माल हल्का में तैनात पटवारी रवि प्रकाश को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न्यू मोहनी पार्क के परमजीत सिंह की शिकायत पर की गई। विजिलेंस ब्यूरो टीम ने बिछाया जाल मामले में खास बात यह है कि पटवारी ने माल रिकॉर्ड में शिकायतकर्ता का 9 लाख रुपए का कर्ज गलती से 90 लाख रुपए दर्ज कर दिया था। इस गलती को सुधारने के लिए पटवारी ने 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ब्यूरो की अमृतसर रेंज टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में पटवारी को पहली किश्त के 10 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को कल करेंगे कोर्ट में पेश विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत अमृतसर रेंज थाने में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल विजिलेंस ब्यूरो की अमृतसर यूनिट मामले की जांच कर रही है।


