अमृतसर से नादेड़ और तख्त श्री पटना साहिब के लिए सीधी उड़ानें फिर शुरू हों: एसजीपीसी

भास्कर न्यूज | अमृतसर एसजीपीसी ने केंद्र सरकार से अमृतसर से तख्त श्री हजूर साहिब (नादेड़) और तख्त श्री पटना साहिब (पटना) के लिए सीधी उड़ान सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की है। अमृतसर में ‘हब-एंड-स्पोक ईजी कनेक्ट सेवा’ के शुभारंभ समारोह के दौरान एसजीपीसी के श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सहायक सूचना अधिकारी संदीप सिंह ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा को 28 जुलाई को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। संदीप सिंह ने बताया कि अमृतसर-तख्त श्री नांदेड साहिब के बीच सीधी उड़ान कोरोना काल के दौरान अक्टूबर 2021 से बंद है। ज्ञापन लेने के बाद केंद्रीय सचिव समीर कुमार सिन्हा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे एसजीपीसी की इस मांग को केंद्रीय मंत्री रमामोहन नायडू तक अवश्य पहुंचाएंगे और सीधी फ्लाइट्स शुरू करवाने का पूरा प्रयास करेंगे। सिन्हा ने कहा कि वे खुद पटना के निवासी हैं, इसलिए व्यक्तिगत रूप से भी दिलचस्पी लेकर पटना-अमृतसर फ्लाइट शुरू करवाने के लिए प्रयास करेंगे। सीधी फ्लाइट न होने के कारण श्रद्धालुओं को सचखंड एक्सप्रेस व अन्य ट्रेनों से 35-35 घंटे का लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। ट्रेनों में दो-दो महीने पहले से बुकिंग करानी पड़ती है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह यात्रा बेहद कठिन साबित हो रही है।कोरोना काल से पहले पटना साहिब के लिए स्पाइसजेट और नांदेड साहिब के लिए एयर इंडिया की सीधी फ्लाइट्स चलती थीं। वर्तमान में नांदेड जाने के लिए अमृतसर से हैदराबाद तक तो फ्लाइट उपलब्ध है, लेकिन आगे नांदेड तक का 250 किलोमीटर का सफर श्रद्धालुओं को बस या ट्रेन में धक्के खाते हुए तय करना पड़ता है। एसजीपीसी ने सचिव सिन्हा से मांग की है कि वे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु रमामोहन नायडू से बात कर इन उड़ानों को जल्द बहाल करवाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *