अमृत अटल योजना पाइप चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया

चूरू के तारानगर में अमृत अटल मिशन योजना के तहत बिछाई जा रही पानी की पाइप लाइन से लोहे के पाइप चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह ने 681 लोहे के पाइप चोरी किए थे। तारानगर पुलिस ने तीनों आरोपियों को चूरू कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से रात के अंधेरे में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। तारानगर के साबिर हुसैन ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म को अमृत अटल मिशन योजना 2.0 के तहत पाइप लाइन बिछाने का ठेका मिला है। जून 2025 में खरीदे गए 6 इंच के 933 लोहे के पाइप सैनिक बस्ती क्षेत्र में रखे गए थे, जिनमें से 14 दिसंबर तक 681 पाइप चोरी हो गए। लगातार हो रही चोरियों की गंभीरता को देखते हुए तारानगर सीआई सतपाल बिश्नोई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अलवर जिले के बारोली निवासी सुलतान, नसीम उर्फ लाला और मुस्कान खान उर्फ कनी को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में रेकी करते थे और रात में ट्रक व हाइड्रा मशीन की मदद से 10-12 लोगों की टीम बनाकर चोरी करते थे। आरोपियों ने अन्य जिलों में भी ऐसी वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *