भास्कर न्यूज | राजनांदगांव होली पर्व के दौरान मरीजों और घायलों को तत्काल इलाज मिलेगा। जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने होली पर्व के दौरान वायरल, अन्य कारण से तबियत खराब होने, फूड पॉयजनिंग, आगजनी, सड़क हादसों में घायलों का तत्काल इलाज करने का दावा किया है। मेडिसिन, चाइल्ड, सर्जरी विभाग, कैजुअल्टी और माइनर ओटी विभाग के डॉक्टरों को अलर्ट रहने कहा है। अतिरिक्त डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी लगेगी। इलाज में काम आने वाली मेडिकल मशीनरी, उपकरण एवं दवाओं का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। होली पर्व के दौरान गलत खान-पान और अन्य कारणों से हर साल दोनों अस्पतालों में अचानक तबियत बिगड़ने, उल्टी-दस्त होने फूड पॉयजनिंग के ज्यादा मामले सामने आते है। इस बात को ध्यान में रख मेडिसिन विभाग की ओपीडी और वार्ड में अतिरिक्त डॉक्टरों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी। सड़क हादसों में घायलों का इलाज करने कैजुअल्टी, माइनर ओटी में तीन शिफ्टों में डॉक्टरों और स्टाफ नर्सेज की ड्यूटी लगाई जाएगी। उपकरण, सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीन दुरूस्त की जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद ने बताया यहां महिला-पुरुष मेडिसिन वार्ड में अतिरिक्त डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। माइनर ओटी स्टाफ को अलर्ट रहने कहा गया है। तबीयत बिगड़ने पर इलाज मिलेगा। जरूरत पड़ने पर मरीजों की कंडिशन अनुसार भर्ती किया जाएगा। सड़क हादसों में घायल होकर आने वालों की मरहम पट्टी, टांके लगाने स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाएगी। मेडिकल मशीनरी, उपकरण, सोनोग्राफी, एक्स-रे मशीन दुरूस्त हालत में है। दवाओं का इंतजाम किया गया है। एक स्टाफ के भरोसे पुलिस चौकी चल रही जिला अस्पताल की पुलिस चौकी में स्टाफ बढ़ाने की जरूरत है। यहां चौकी एक स्टाफ के भरोसे चल रही। अस्पताल प्रबंधन द्वारा पुलिस विभाग से 1-4 के बल की मांग की गई है। बड़े सड़क हादसों, चाकूबाजी, अपराधिक मामले में यहां एक साथ बड़ी संख्या में घायलों को लाया जाता है। परिजनों की संख्या ज्यादा होने के साथ काम का बोझ बढ़ जाता है। व्यवस्था बनाए रखने, सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने पुलिस बल की जरूरत पड़ती है।


