भास्कर न्यूज | गिरिडीह. शुक्रवार को शहर में रमजान की अलविदा नमाज कड़ी सुरक्षा और ड्रोन कैमरे की निगरानी में अदा की गई। नमाज को लेकर पदम चौक, बरवाडीह और भंडारीडीह में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पदम चौक पर डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद दर्जनों पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद थे। बरवाडीह में गिरिडीह-टुंडी मुख्य सड़क पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो 50 से अधिक पुलिस बल के साथ तैनात दिखे। पुलिस ने पदम चौक, बरवाडीह और भंडारीडीह में ड्रोन कैमरे से असामाजिक तत्वों पर नजर रखी। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दोपहर 1:10 बजे नमाज शुरू की, जो 15 मिनट में पूरी हो गई। पदम चौक स्थित लाइन मस्जिद के सामने मुख्य सड़क पर नमाज अदा की गई। पुलिस ने इस सड़क को पूरी तरह सील कर दिया था। सदर एसडीपीओ और डीएसपी वन ने संयुक्त रूप से बताया कि शहर में मुस्लिम समुदाय ने हर्षोल्लास के साथ अलविदा नमाज अदा की। नमाजियों ने मुल्क मंें अमन-चैन की दुआ मांगी। सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारी और बल तैनात रहे। ड्रोन कैमरे से लगातार निगरानी की गई। पुलिस ने साफ किया कि ईद पर्व पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।


