अवंतिका कॉलोनी में कथा शुरू, कलश यात्रा निकाली

भास्कर संवाददाता | रायसेन अवंतिका कॉलोनी में रविवार, 1 फरवरी से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत हुई। कथा का आयोजन ताजपुर रोड स्थित स्थल पर 7 फरवरी तक चलेगा। पहले दिन सांची रोड स्थित माता मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा महामाया चौक और सागर तिराहा होते हुए कथा स्थल पहुंची। महिलाएं पीत वस्त्र पहनकर सिर पर कलश लेकर चलीं। मुख्य यजमान ने श्रीमद् भागवत सिर पर धारण कर यात्रा में भाग लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा में एक बड़ा गोरिल्ला आकर्षण का केंद्र रहा। नगर पालिका के सामने अध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन और कर्मचारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महामाया चौक पर भी श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। कथा का वाचन श्री श्री 108 श्री गौ पीठाधीश्वर विपिन बिहारीदास महाराज कर रहे हैं। श्रद्धालु उनके श्रीमुख से भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की अमृतवर्षा का आनंद ले रहे हैं। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से हरि इच्छा तक चलेगी। 7 फरवरी, शनिवार को कथा का विश्राम और प्रसादी वितरण होगा। आयोजन को लेकर नगर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह है। आयोजन का संचालन श्री गौरीशंकर ऋणमुक्तेश्वर महादेव जनकल्याण समिति कर रही है। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *