दतिया के उनाव थाना अंतर्गत गांव घरावा में अवैध पंप कनेक्शन की जांच के दौरान बिजली वितरण केंद्र के सहायक प्रबंधक (जेई) और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला रविवार को सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। विद्युत वितरण कंपनी के जेई वरुण कुमार वर्मा (40), वे राजस्व वसूली एवं विद्युत कनेक्शन चेकिंग दल के साथ ग्राम घरावा पहुंचे थे। टीम में लाइन हेल्पर रमाशंकर सोनी, आउटसोर्स कर्मचारी प्रिंस और ड्राइवर लक्ष्मण पाल शामिल थे। जांच के दौरान छह ग्रामीणों के पंप कनेक्शन अवैध पाए गए, जिन पर विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्रकरण बनाए गए। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे टीम करतार सिंह गुर्जर के पंप कनेक्शन की जांच कर रही थी, जो अवैध पाया गया। इसी दौरान करतार सिंह गुर्जर, सूर्य प्रताप सिंह गुर्जर, बल्लू उर्फ बलवीर गुर्जर और हेमंत गुर्जर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि सूर्य प्रताप और करतार सिंह ने सहायक प्रबंधक की ओर दौड़ लगाई, जबकि बलवीर और हेमंत ने कर्मचारी रमाशंकर सोनी के साथ लात-घूंसे से मारपीट की। इस दौरान रमाशंकर की शर्ट फाड़ दी गई और मोबाइल फोन जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह टूट गया। आरोपियों ने सभी कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि यदि वे दोबारा गांव में दिखाई दिए तो फावड़े से मारकर जान से खत्म कर देंगे। धमकी के बाद टीम को मौके से जान बचाकर निकलना पड़ा। मामले में उनाव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी यतेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


