सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के ग्राम तितिली में 17-18 जनवरी 2026 की रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा लिए। जानकारी के अनुसार, यह घटना तितिली निवासी रामचंद्र साकेत के घर में हुई। रात के समय जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तभी चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी और संदूक को निशाना बनाया। उन्होंने लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। कीमती जेवरात और नकदी गायब देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। फरियादी रामचंद्र साकेत ने बताया, “रात में हम सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। सुबह उठने पर देखा कि घर का दरवाजा खुला है और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर सोने-चांदी के सारे गहने और लगभग पचास हजार रुपये नगद गायब मिले। हमें किसी भी तरह की आहट तक नहीं लगी।” घटना की सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। इस संबंध में अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैश ने जानकारी दी कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।


