अवैध बजरी से भरा ट्रक आगरा से जब्त:3 पुलिस बैरियर तोड़कर भागा ड्राइवर, धौलपुर पुलिस ने 40 किमी तक किया पीछा

धौलपुर के मनियां थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को आगरा से जब्त किया है। एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध बजरी आगरा की ओर ले जाई जा रही है। मनियां थाना प्रभारी रामनरेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर नाकाबंदी की। इस दौरान ट्रक ड्राइवर ने राजस्थान पुलिस के दो और उत्तर प्रदेश पुलिस के एक बैरियर को तोड़ते हुए भागने का प्रयास किया। मनियां पुलिस ने लगभग 40 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। ड्राइवर ने पहले मनियां में, फिर बरैठा चौकी और उसके बाद यूपी की सैयां चौकी पर लगी नाकाबंदी को तोड़ा। अंततः ड्राइवर ट्रक को आगरा के अकोला क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया। इस दौरान अपराधियों की रेकी कर रही एक स्विफ्ट कार भी पुलिस को चकमा देकर भाग निकली। पुलिस ने अवैध बजरी से लदे ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक तथा रेकी कर रही स्विफ्ट कार की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, अवैध खनन और परिवहन रोकने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *